MP Board 10th-12th TopperMP Board 10th-12th Topper

MP Board 10th-12th Topper: मध्य प्रदेश माध्यमिक शिक्षा मंडल (MPBSE) ने 2025 की 10वीं और 12वीं बोर्ड परीक्षा के परिणाम घोषित कर दिए हैं। 12वीं में 7.06 लाख में 74.48% बच्चे पास हुए हैं। 10वीं में 9. 53 लाख में 76.22 प्रतिशत बच्चों ने सफलता पाई है। अमरपाटन की प्रियल द्विवेदी ने 500 में से 492 नंबर हासिल कर 12वीं में टॉप किया है। 10वीं में सिंगरौली की प्रज्ञा जायसवाल ने 500 में 500 अंक लाकर परचम लहराया है। सतना शहर की सोनाली शर्मा ने भी 10वीं में कमाल का प्रदर्शन किया है।

मन लगाकर पढ़ाई करने से ही मिलेगी सफलता
कन्या शासकीय उमा विद्यालय अमरपाटन की छात्रा प्रियल द्विवेदी ने मैथ्स-साइंस में 500 में से 492 नंबर हासिल कर प्रदेश में टॉप किया है। प्रियल द्विवेदी का लक्ष्य सिविल सर्विसेज में जाना है। प्रियल का कहना है कि मन लगाकर पढ़ाई करने से ही सफलता मिलेगी।

किस विषय में किसने मारी बाजी
वाणिज्य में ग्वालियर के रिमझिम करोठिया ने 491 नंबर प्राप्त कर पहला स्थान हासिल किया है। कला संकाय में रीवा के अंकुर यादव ने 489 अंक हासिल कर टॉप किया है। गृह विज्ञान में भिण्ड के योग्यता टंक ने 478 नंबर लाकर बाजी मारी। दमोह के गार्गी अग्रवाल ने जीव विज्ञान में 484 अंक प्राप्त कर टॉप किया। कृषि में छिंदवाड़ा के हरिओम साहू को 486 अंक मिले।

10वीं में इन बच्चों ने लहराया परचम
10वीं में प्रज्ञा जायसवाल को सबसे ज्यादा 500 में 500 नंबर मिले हैं। टॉपर प्रज्ञा जायसवाल ने कहा-मैं हर दिन टारगेट सेट कर पढ़ाई करती थी। लक्ष्य तय हो तो मुकात मिलेगा ही। सभी के सपोर्ट से मैंने टॉप किया है। रीवा के आयुष दिवेदी ने 499 अंक लाकर दूसरा स्थान हासिल किया। जबलपुर के शैजाह फातिमा को 498, सीधी की मानसी साहू497, उज्जैन की सुहानी प्रजापति 497, सतना के शिवांश पांडे 497, रीवा के अंजली शर्मा ने 497, सागर के सुम्बुल खान ने 496 अंक हासिल कर प्रदेश में परचम लहराया है। सतना की सोनाली शर्मा ने भी जबरदस्त प्रदर्शन किया है।

मेहनत कभी हारती नहीं: सोनाली शर्मा
सतना के डाली बाबा चौक में रहने वाली सोनाली शर्मा ने 10वीं बोर्ड परीक्षा में अच्छा प्रदर्शन किया है। सोनोली ने 10वीं में 90 फीसदी से ज्यादा अंक हासिल किए हैं। सोनाली ने कहा-मेरे माता-पिता और गुरुजनों के मार्गदर्शन से मैंने ये उपलब्धि हासिल की है। मेरी कोशिश है कि आगे मैं और अच्छा प्रदर्शन कर सकूं। बस इतनी कहूंगी मेहनत कभी हारती नहीं है। आप मन लगाकर पढ़ाई करेंगे तो सफलता जरूर मिलेगी।

पल मिश्रा और मनीषा आंजना ने मारी बाजी
छतरपुर के महाराजा बहु उ.मा.उत्कृष्ट विद्यालय की छात्रा पल मिश्रा ने 10वीं में प्रदेश में आठवां स्थान प्राप्त किया है। पल के 500 में से 493 नंबर आए हैं। उनके 98.6 प्रतिशत बने हैं। आगर मालवा में 10वीं की छात्रा मनीषा आंजना ने 500 में से 491 अंक प्राप्त कर मेरिट लिस्ट में 10वां स्थान प्राप्त किया है। मनीषा बड़ोद के सिद्धार्थ कॉन्वेंट स्कूल की छात्रा है। इनके पिता किसान हैं।