सतना से विनय श्रीवास्तव। मध्यप्रदेश के सतना में अपराधियों के आगे पुलिस बेबस है। खुलेआम गुंडागर्दी हो रही है। कानून व्यवस्था अपाहिज हो चुकी है। बीच सड़क पर कत्लेआम हो रहा है। प्रधान आरक्षक को गोली मारने के बाद अब खुलेआम हत्या का सनसनीखेज मामला सामने आया है। महादेवा में रविवार (4 मई) की रात 12.30 बजे 15 बदमाशों ने बसपा नेता को पीट-पीटकर मार डाला। हत्या से गुस्साए लोगों ने सिविल लाइन थाने का घेराव कर दिया। जमकर हंगामा किया। इसके बाद पुलिस सक्रिय हुई। 3 आरोपियों को गिरफ्तार किया है। सिलसिलेवार जानिए पूरा घटनाक्रम।
दो दिन पहले छोड़ी कांग्रेस
महादेव निवासी शुभम साहू (24) यूथ कांग्रेस में महामंत्री और एनएसयूआई में सचिव पद पर रह चुके थे। दो दिन पहले ही शुभम कांग्रेस छोड़कर बहुजन समाज पार्टी (BSP) में शामिल हुए। शुभम का मोहल्ले के कुछ लोगों से जमीन विवाद चल रहा था। रविवार की रात 12:30 बजे शुभम पर 15 अज्ञात बदमाशों ने लाठी-डंडों से हमला कर दिया।
पुलिस ने 3 आरोपियों को किया गिरफ्तार
परिजन और साथी घायल शुभम को जिला अस्पताल लेकर पहुंचे। डॉक्टरों ने रीवा रेफर कर दिया। रास्ते में शुभम की मौत हो गई। पुलिस ने मामले में 3 आरोपियों पंकज गौतम, रजनीश गौतम और विपिन गौतम को गिरफ्तार कर लिया है। तीनों आरोपी एक ही परिवार के है। सिविल लाइन थाना प्रभारी योगेंद्र सिंह परिहार का कहना है कि अन्य आरोपी भी जल्द पकड़े जाएंगे। घटना का एक वीडियो भी सामने आया हैं, जिसमें 14-15 लोग लाठी-डंडे लिए हुए दिख रहे हैं।
शुभम पर कई आपराधिक मामले दर्ज
बसपा नेता शुभम साहू का भी आपराधिक रिकॉर्ड रहा है। मारपीट सहित कई अन्य गंभीर धाराओं में केस दर्ज है। शुभम के ऊपर जिला बदर की कार्यवाही हो चुकी है। महादेव स्थित आवास में पुलिस ने पोस्टर चस्पा कर दिया था। पुलिस फिलहाल मामले की जांच कर रही है।
प्रिंस को मारी थी गोली
बता दें कि सतना में खुलेआम गुंडागर्दी हो रही है। कानून व्यवस्था लगभग अपाहिज हो चुकी है। अपराधियों के हौसले बुलंद हैं। बदमाशों के सामने पुलिस बेबस है। सात दिन पहले सोमवार (29 अप्रैल) की रात 12 बजे नकाबपोश युवक ने जैतवारा थाने परिसर में हेड कॉन्स्टेबल प्रिंस गर्ग को गोली मारी थी। गोली पुलिसकर्मी के कंधे के पास लगी थी। घटना को अंजाम देकर हमलावर फरार हो गया था। बाद में पुलिस ने आदर्श शर्मा को एनकाउंटर कर उसे पकड़ लिया था।
नागौद में सरपंच पति ने की थी 15 राउंड फायरिंग
सतना के नागौद में 27 जनवरी को सरपंच पति और उसके गुर्गों ने जमकर तांडव मचाया था। गलत तरीके से बन रही नाली का लोगों ने विरोध किया तो सरपंच पति भड़क गया था। सरपंच पति अपने गुर्गों के साथ लोगों के घर पहुंचा। गालियां देते हुए 15 राउंड फायरिंग की थी। घटना की सूचना पर पौड़ी चौकी पुलिस पहुंची, लेकिन बिना कार्रवाई किए उलटे पांव लौट आई थी। पिथौराबाद गांव की घटना का वीडियो भी सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था।