Bilaspur Road AccidentBilaspur Road Accident

पीयूष घोरे, बिलासपुर। छत्तीसगढ़ के बिलासपुर में भीषण हादसा हो गया। रविवार (1 जून) की रात बिलासपुर-रायपुर नेशनल हाईवे पर 100 से ज्यादा की स्पीड में दौड़ रही इनोवा कार डिवाइडर से टकरा गई। टक्कर के बाद इनोवा 200 फीट तक घिसटी। 5 बार पलटी और गोल-गोल घूमती रही। हादसे में एक युवक की मौत हो गई। दो की हालत गंभीर है। भयानक हादसे की सूचना मिलते ही चकरभाठा पुलिस पहुंची। गंभीर घायलों को मेडिकल कॉलेज सिम्स में भर्ती करवाया। मृतक के शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजा है। एक्सीडेंट गुरु नानक ढाबे के पास हुआ।

जानिए कैसे हुआ हादसा
पुलिस के मुताबिक, चकरभाठा निवासी पंकज छाबड़ा, जैकी गेही और आकाश चांदनी संडे की पार्टी मनाकर बिलासपुर से चकरभाठा लौट रहे थे। रविवार (1 जून) की रात तीन बजे बिलासपुर-रायपुर हाईवे पर तेज रफ्तार दौड़ रही इनोवा अचानक अनियंत्रित हो गई। कार डिवाइडर से टकराई और 5 बार पलटी। कार काफी देर तक गोल-गोल घूमती रही। कार का दरवाजा खुल और तीनों युवक सड़क पर गिरे। जैकी के सीने में लोहे का एंगल में घुस गया। आकाश चांदनी और पंकज छाबड़ा भी गंभीर घायल हो गए।

दो का सिम्स में चल रहा इलाज
हादसे की सूचना मिलते ही पुलिस पहुंची। तीनों घायलों को बिलासपुर के सिम्स मेडिकल कॉलेज में भर्ती करवाया। डॉक्टरों ने जैकी गेही को मृत घोषित कर दिया। आकाश और पंकज का इलाज चल रहा है। हादसे में कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। पुलिस आगे की कार्रवाई कर रही है।